
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारत में कांग्रेस भ्रष्टाचार की जनक पार्टी है। आजादी के बाद दशकों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में नए-नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं। कांग्रेस सरकार में जल, थल और नभ में भ्रष्टाचार किया गया है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नई नजीर पेश की है। वह सत्ता में रहकर सट्टा कारोबार खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महादेव एप के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार किया गया है। 500 करोड़ रुपये से अधिक पैसा दिया गया है। ईडी की जांच में यह मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में नकदी लाने की जानकारी सामने आई है जिस पर कार्रवाई की गई है।
मामले में ईडी ने पांच करोड़ की धनराशि बरामद की है। ईडी ने महादेव एप से जुड़े लोगों की कुछ बेनामी संपत्तियां भी जब्त की हैं। कई लोगो को गिरफ्तार किया है। भाजपा छत्तीसगढ़ के सीएम और कांग्रेस पार्टी से सवाल पूछ रहा है कि छत्तीसगढ़ में हुए इस भ्रष्टाचार में उनका पैसा है या नहीं है।
ईडी ने कहा है कि असीम दास ने स्वीकार किया है कि यह धनराशि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए खर्च करने के लिए लाई गई थी। महादेव एप के बेनामी खाते का भी पता चला है जिसे जब्त किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है। महादेव एप की धनराशि को छत्तीसगढ़ के नेताओं और अफसरों को बांटने का काम किया गया है।