
पीएम नरेंद्र मोदी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्य प्रदेश में भाजपा 20 साल से सत्ता पर काबिज है। इस बार सत्ता विरोधी लहर के चलते मुकाबला कड़ा होने की संभावना है। प्रदेश की सत्ता में बरकरार रहने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही कमान संभाल ली है। प्रधानमंत्री प्रदेश में अगले 11 दिनों में ताबड़तोड़ 14 रैलियां करेंगे। यह पिछले बार की तुलना में करीब 50% अधिक है। पिछले विस चुनाव यानी 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16, 18, 20, 24, 25 नवंबर तक 10 रैलियां की थीं। इस बार प्रधानमंत्री 4, 5, 7, 8, 9, 13, 14 और 15 नवंबर को कुल 14 रैलियां करेंगे। हालांकि, रतलाम की रैली को छोड़कर अभी पीएम की रैली का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। इस प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश की जंग जितने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
भाजपा मोदी के चेहरे पर लड़ रही चुनाव
इस बार के मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव को लेकर भाजपा के दिग्गज नेता कह चुके हैं कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लड़ा जा रहा है। खुद प्रधानमंत्री भी अपनी रैलियों में कमल के चिन्ह और मोदी को वोट देने की बात कह चुके हैं। यही वजह है कि चुनाव में प्रदेश के दिग्गज नेताओं या प्रत्याशी की जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम को आगे रखा जा रहा है। वहीं, एमपी के मन में बसे मोदी और मोदी के मन में एमपी गीत के साथ ही मोदी और कमल के चिन्ह पर वोट देने की अपील की जा रही है।
मालवा, विंध्य और आदिवासी जिलों पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी की रैली में मालवा, विंध्य और आदिवासी जिलों को फोकस किया गया है। इससे पहले भाजपा ने विंध्य क्षेत्र को साधने के लिए कई कार्यक्रम किए। प्रधानमंत्री की छह रैली और एक रोड शो मालवा में होगा। इंदौर में प्रधानमंत्री रोड शो करेंगे। इस बार के चुनाव में भाजपा ने आदिवासी वोटरों पर ज्यादा फोकस किया है। दरअसल पिछली बार आदिवासी वोट छिंटकने से भाजपा के हाथ से सत्ता चली गई थी।
रतलाम से होगी कल शुरुआत, अंतिम रैली 15 को बैतूल में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार नवंबर को रतलाम में रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली में वह पांच नवंबर को सिवनी के लखनादौन और खंडवा, सात नवंबर को सतना और सीधी, आठ नवंबर को गुना, मुरैना और पथरिया, नौ नवंबर को नीमच और बड़वानी, 13 नवंबर को छतरपुर,14 नवंबर को इंदौर और झाबुआ, 15 नवंबर को बैतूल में रैली करेंगे।
भाजपा ने दिग्गजों को उतारा मैदान में
मध्य प्रदेश में सत्ता विरोधी लहर को कम करने के लिए भाजपा ने दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री समेत सांसदों को विधायक का चुनाव लड़ा रही है। इसमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद राकेश सिंह, गणेश सिंह,रीति पाठक और भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय जैसे नेता शामिल है।
राहुल 13 नवंबर को भोपाल में करेंगे पदयात्रा
कांग्रेस भी का भी शनिवार से महाजनसंपर्क अभियान शुरू हो रहा है। इसमें 4 नवंबर से 15 नवंबर तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की लगातार रैलियां होगी। 4 नवंबर को खरगे की कटंगी और शाहपुरा में रैली, 5 नवंबर को महासचिव प्रियंका गांधी की कुक्षी और इंदौर-5 में रैली, 7 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उज्जैन और ग्वालियर पूर्व में रैली, 8 नवंबर को महासचिव प्रियंका गांधी की सांवेर और खातेगांव में रैली, 9 नवंबर को प्रियंका गांधी का रीवा, 9 नवंबर को राहुल गांधी की नई सराय, अशोक नगर चंदेरी, जबलपुर ईस्ट, जबलपुर वेस्ट में पदयात्रा, 10 नवंबर को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सतना में कार्यक्रम, 13 नवंबर को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की टिमरनी, उदपुरा और भोपाल के इकबाल मैदान में पदयात्रा। 14 नवंबर को राहुल गांधी की विदिशा, राजनगर, खजुराहो में कार्यक्रम। 15 नवंबर को प्रियंका गांधी की दतिया में और 15 नवंबर को मल्लिकार्जुन खरगे का बैतूल के आमला में कार्यक्रम होगा।