
बीजेपी प्रत्याशी आलोक शर्मा।
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों का प्रचार जारी है। बीजेपी प्रत्याशी आलोक शर्मा का यहां अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। वे सर पर मारवाड़ी टोपी, हाथ में त्रिशूल, डमरू लेकर चलते दिखाई दिए। ढोल-ताशे के साथ वे अपना प्रचार कर रहे हैं। हिंदू-मुस्लिम समीकरण वाली इस सीट पर सबकी निगाहें हैं।
प्रदेश की सबसे चर्चित और हॉट विधानसभा सीट में से एक भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। भाजपा के आलोक शर्मा यहां भगवा रंग और सनातन के सहारे दिखाई दे रहे हैं। त्रिशूल और डमरू लेकर वे प्रचार मैदान में उतरे हैं। शनिवार को टीला रामपुरा भगत सिंह क्षेत्र में प्रचार के दौरान आलोक पूरी भजन मंडली के साथ दिखाई दिए। इस दौरान महिलाएं भी उनके साथ बड़ी संख्या के नजर आईं। भाजपा ने इस बार आलोक शर्मा पर दांव खेला है। आलोक पूर्व में भोपाल महापौर भी रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी चुनाव प्रचार की शुरुआत इसी सीट से की थी। उन्होंने अपना पहला रोड शो और जनसभा यहीं की थी।
त्रिकोणीय मुकाबला
कांग्रेस की कब्जे वाली इस सीट पर भाजपा लंबे समय से जीतने का प्रयास कर रही है, लेकिन उसे अभी तक सफलता हासिल नहीं हो पाई है। कांग्रेस ने इस बार वर्तमान विधायक आरिफ अकील की जगह उनके बेटे आतिफ अकील को टिकट दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस से ही दो बागी भी यहां से निर्दलीय के तौर पर मैदान में हैं। आतिफ अकील के चाचा आमिर अकील यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसके साथ ही नासिर इस्लाम भी यहां से निर्दलीय उम्मीदवार बनकर कांग्रेस की मुश्किलें बड़ा रहे हैं। आम आदमी पार्टी मोहम्मद सऊद को प्रत्याशी बनाया है।
वोट का समीकरण
इस विधान सभा पर कुल वोट 245611 हैं। इनमें हिंदू वोट 115008 हैं, जबकि मुस्लिम वोट 130603 हैं। यानी 15969 मुस्लिम वोट अधिक हैं। यहां 13 वार्ड और 246 बूथ पर 58244 हिंदू पुरुष वोट और 56764 हिंदू महिला वोट हैं। वहीं, 65704 मुस्लिम पुरुष और 64899 मुस्लिम महिला वोट हैं।