
दुधवा टाइगर रिजर्व
– फोटो : स्रोत- वन विभाग
विस्तार
लखीमपुर खीरी में दुधवा टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस बार सफारी दरों में 30 फीसदी कमी होने के बाद सैलानियों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। इसके साथ सैलानियों की सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की जा रही है। सैलानियों के लिए दुधवा पर्यटन परिसर में योगा प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। पुस्तकालय और सेविनियर शॉप को उच्चस्तरीय बनाया जा रहा है। इस बार दुधवा पर्यटन को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने की योजना है।
दुधवा टाइगर रिजर्व के नए पर्यटन सत्र की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 15 नवंबर से शुरू होने वाले नए पर्यटन सत्र में कई बदलाव दिख सकते हैं। नियमित योग करने वाले सैलानियों के लिए इस बार दुधवा पर्यटन परिसर में योगा प्लेटफार्म बनाया जाएगा। ताकि सैलानी अपनी सुविधानुसार जंगल भ्रमण से पहले योग कर सकें। यही नहीं दुधवा में चल रहे पुस्तकालय को उच्चस्तरीय बनाया जाएगा। इसके लिए वन एवं वन्यजीवों से संबंधित और अच्छी पुस्तकें मंगाई जाएंगी। दुधवा पर्यटन परिसर में चल रही थारू उत्पाद से संबंधित सेविनियर शॉप को उच्चस्तरीय बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Dudhwa: सैलानियों के लिए खुशखबर… दुधवा में जंगल सफारी हुई सस्ती, नई दरें जारी
नए पर्यटन सत्र में दुधवा टाइगर रिजर्व ने कई सुधार करने का निर्णय लिया है। इस बार गाइडों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे सैलानियों को दुधवा की खूबियों को बेहतर ढंग से बता सकें। दुधवा के गेस्ट हाउस और थारू हटों और वाच टॉवरों को भी और बेहतर बनाया जाएगा। दुधवा को पूरी तरह पॉलिथीन और प्लास्टिक मुक्त करने की योजना है। इसके लिए भ्रमण पर निकलने वाले सैलानियों को स्टेनलेस स्टील की बोतलों में आरओ का पानी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सैलानी भ्रमण के दौरान प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल न करें।