
कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का रथ
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्य प्रदेश कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार से सात अलग-अलग जगह से निकाली जा रही है। गणेश चतुर्थी से यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके लिए सात हाईटेक रथ हैदाराबाद से मंगवाए गए हैं। सात संभागों से सात दिग्गज नेता यात्रा का नेतृत्व करेंगे। जन आक्रोश यात्रा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का फ्लैगशिप अभियान है। 15 दिन में यात्रा करीब 11 हजार 400 किमी की दूरी तय कर 230 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी। जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस की 11 गारंटी बताने के साथ ही भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों की पुस्तिका भी जनता को वितरित की जाएगी। यात्रा की शुरुआत के बाद बीच बीच में केंद्रीय नेता और प्रदेश स्तर के नेता जुड़ते जाएंगे।
कांग्रेस की 11 गारंटी बताएंगे
जन आक्रोश यात्रा में जनता को कांग्रेस की 11 गारंटी बताएंगे। इसमें महिलाओं को 1500 रुपए महीना, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 100 यूनिट बिजली का बिल माफ, 200 यूनिट हॉफ, किसानों का कर्ज माफ होगा, पुरानी पेंशन योजना लागू होगी, पांच हार्स पावर सिंचाई की बिजली फ्री, किसानों के बिजली बिल माफ, अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण, 12 घंटे सिंचाई के लिए बिजली, जातिगत जनगणना कराएं और किसानों के मुकदमें वापस होंगे।
इन नेताओं को दी गई जिम्मेदारी
यात्रा मार्ग-1 ग्वालियर-चंबल में गोविंद सिंह, 1600 किमी
यात्रा मार्ग-2 बुंदेलखंड में अरुण यादव, 1700 किमी
यात्रा मार्ग-3 विंध्य में कमलेश्वर पटेल, 1900 किमी
यात्रा मार्ग-4 विंध्य-महाकौशल अजय सिंह राहुल, 1400 किमी
यात्रा मार्ग-5 मध्य भारत क्षेत्र सुरेश पचौरी, 1400 किमी
यात्रा मार्ग-6 मालवा में आदिवासी जिलों में कांतिलाल भूरिया, 1700 किमी
यात्रा मार्ग-7 मालवांचल में जीतू पटवारी, 1700 किमी
शिवराज सरकार के घोटालें गिनाएंगे
जन आक्रोश यात्रा के दौरान घर-घर कांग्रेस नेता पहुंचेंगे। कांग्रेस की उपलब्धियों के साथ ही भाजपा के घोटाले और भ्रष्टाचार की पुस्तिका बांटेंगे। शिवराज का घोटालाराज नाम की पुस्तिका में 18 साल की सरकार में 250 से ज्यादा महाघोटाले और शिवराज सरकार का मतलब ही 50 प्रतिशत कमीशन राज को बताया जाएगा। इस पर जनता को प्रदेश को बचाने के लिए एक नंबर भी दिया गया, जिस पर मिस कॉल करने पर कांग्रेस संबंधित व्यक्ति से संपर्क करेंगी। इस पुस्तिका में पोषण आहार घोटाला, मिड डे मीलघोटाला, आंगनवाड़ी-जल घोटाला, स्मार्ट क्लास घोटाला, गणवेश घोटाला, आदिवासी, किसान, मजदूर, महिला के खिलाफ अत्याचार को भी बताया जाएगा।
रथ में यह है सुविधाएं
जन आक्रोश यात्रा के रथ हाईटेक है। इनका उपयोग कनार्टक के चुनाव में किया गया था। इसमें नेताओं के लिए प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के लिए सीढ़ियां बनी हुई है। इसमें 10 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। अंदर वॉशरूम से लेकर सभी सुविधाएं है। बाहर स्क्रीन लगी है, जिस पर कांग्रेस का थीम सॉन्ग चलेगा। रथ के ऊपर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ ही यात्रा का नेतृत्व करने वाले नेताओं के फोटो लगे है। यात्रा में 30 विधायकों को सह यात्री बनाया गया है।