उरई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को जिलाध्यक्षों की सूची जारी की है। इसमें भाजपा में जिले में पहली बार किसी महिला को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी है। पार्टी ने महिला पर भरोसा जताते हुए उर्विजा दीक्षित को पार्टी का जिलाध्यक्ष बनाया है। वह पार्टी से जुड़कर लगातार सक्रिय कार्यकर्ता की भूमिका निभाकर पार्टी हित में कार्य करती रही हैं।
शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी उर्विजा दीक्षित ने बसपा से राजनीति की शुरुआत की थी। वर्ष 2014 में बसपा छोड़कर भाजपा में आ गईं। उन्होंने लक्ष्मीकांत बाजपेयी की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा था। पार्टी में आने के बाद उनकी मेहनत देखते हुए उन्हें कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद उन्हें महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश महामंत्री का पद भी दिया गया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिले में पहली बार उर्विजा को जिलाध्यक्ष बनाकर जिले में ब्राह्राण व महिला वोट साधने के लिए कमान सौंपी हैं।