अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। डिप्रेशन का शिकार युवक ने घर में फांसी लगा ली। फांसी पर लटका देख परिजन उसे फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां पिछले पांच दिनों से वह भर्ती था। मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया।

मूल रूप से पृथ्वीपुर निवासी बंटी (21) परिवार के साथ रहता था। प्राइवेट काम करके जीविकोपार्जन करता था लेकिन, पिछले कुछ समय से पारिवारिक वजहों से तनाव में रहता था। घर में किसी से बात नहीं करता था। परिजनों के मुताबिक 24 अगस्त को काम से लौटने के बाद उसने खाना खाया। इसके बाद अपने कमरे में चला गया। उसी दौरान शाल से उसने फांसी लगा ली। कुछ देर बाद उसका बारह साल का भांजा रोहित कमरे में पहुंचा तब बंटी फंदे से लटका छटपटा रहा था। यह देखकर रोहित ने शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। बंटी को फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां गंभीर हाल में उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। पिछले पांच दिनों से उसका उपचार चल रहा था लेकिन, हालात में सुधार न होने पर मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक बंटी तीन भाइयों के बीच सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *