केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भोपाल के कुशाभाऊ सभागार में रविवार को प्रदेश की भाजपा सरकार का 2003-2023 का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बेहद मेहनती और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को ‘बंटाधार’ बताया। उन्होंने प्रदेश में 50 साल तक राज करने को लेकर कांग्रेस से हिसाब मांगा। शाह ने केंद्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के रहते हुए 24 घोटाले गिनाए और कहा कि प्रदेश की जनता को गुमराह करने के बजाए ‘बंटाधार और कमलनाथ हमारे रिपोर्ट कार्ड का जवाब दें और 50 साल की सरकार का हिसाब दें। 

कांग्रेस ने 20 साल में बीमारू राज्य बनाया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जब 1956 में मध्य प्रदेश का गठन हुआ था, उसके पहले से 1950 से 2003 तक 53 साल में 6-7 साल छोड़कर पूरा समय कांग्रेस की सरकार रही। हमने मध्य प्रदेश को 20 साल में एक बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाया। उन्होंने कहा कि जो लोग दावे कर रहे हैं, पहले वो 53 साल का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि 1980 में विशेषज्ञ अमित बोस ने चार राज्यों को बीमारू राज्य शब्द का जिक्र किया था। उन्होंने पेपर में लिखा था कि इन राज्यों का कुछ नहीं हो सकता है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की शिवराज सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकाला। 

राज्य की नौ करोड़ जनता को जवाब दें

अमित शाह ने कहा कि मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आपने मध्य प्रदेश की जनता के साथ कितना न्याय किया?  कांग्रेस नेताओं को मध्य प्रदेश की 9 करोड़ जनता के सामने आंकड़े लेकर आना चाहिए। शाह ने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 में जब सोनिया- मनमोहन सरकार थी, मध्य प्रदेश को 10 साल में सिर्फ 1 लाख 58 हजार करोड़ रुपए दिए गए। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  9 साल में 8 लाख 30 हजार करोड़ रुपए मध्य प्रदेश को दे दिया। ‘बंटाधार और कमलनाथ बताएं कि मध्य प्रदेश का काफिला क्यों लुटा?



शाह ने कांग्रेस के 24 घोटाले गिनाए 

कांग्रेस सरकार में हुए घोटाले को गिनाते हुए अमित शाह ने कहा कि बोफोर्स, राफेल डील, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटालों सहित दर्जनों घोटाले कांग्रेस सरकार ने किए। कांग्रेस सरकार के रहते हुए मध्य प्रदेश में भी कम घोटाले नहीं हुए। बंटाधार और कमलनाथ को इस पर जवाब देना चाहिए।  

23 हजार करोड़ का बजट तीन लाख करोड़ तक पहुंचाया

साल 2003 तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के मुख्यमंत्री रहने पर शाह ने कटाक्ष किया कि 2003 में श्रीमान बंटाधार की सरकार को हटाकर मध्य प्रदेश की जनता ने ऐतिहासिक निर्णय लिया। श्रीमान बंटाधार और कमलनाथ इन चीजों का जवाब दें कि 2002 में आपने बजट का कुल आकार 23 हजार 100 करोड़ रुपये पर छोड़ा था, हमने इसे 3 लाख 14 हजार करोड़ रुपये पर पहुंचाया। यह पूरे देश में दूसरे नंबर पर है। उमा भारती के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। इसके बाद उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह के नेतृत्व में बीमारू शब्द से मध्य प्रदेश को मुक्ति दिलाई गई। शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश में कई क्रांतिकारी परिवर्तन आए और विकास तेजी से हुआ। 

कांग्रेस बताए एससी-एसटी के लिए क्या किया? 

प्रदेश में लगातार बढ़ाए जा रहे बजट पर बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी का बजट बंटाधार जब छोड़कर गए, तब 1 हजार 56 करोड़ था। भाजपा ने इसे 64 हजार 390 करोड़ रुपये तक किया। एमपी की शिक्षा का बजट 2456 करोड़ से 38 हजार करोड़ पर पहुंचाया है। स्वास्थ्य का बजट 580 करोड़ था, आज 16 हजार करोड़ रुपये है। सर्व शिक्षा अभियान का बजट 844 करोड़ से 7 हजार करोड़ रुपये पार कर गया। शाह ने कहा कि बंटाधार और कमलनाथ बताएं कि उन्होंने एससी, एसटी वर्ग के लिए क्या किया? 

कभी हल नहीं पकड़ने वाले किसानों की बात कर रहे 

शाह ने कहा कि यह गरीबी से संपूर्ण मुक्ति का अगला चुनाव है। पिछले 10 साल में डबल इंजन की सरकार ने विकास के अलग मापदंड तय किए हैं। 2024 में जनता प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें देगी, जो एक सीट बची है, वो भी जनता इस बार हमें देगी। शाह ने कहा कि जिस व्यक्ति ने कभी हल नहीं पकड़ा वो एमएसपी की बात कर रहे हैं। क्यों आप किसानों को गुमराह कर रहे हैं। 

मोदी सरकार ने प्रदेश को कई सौगातें दीं 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से प्रदेश में विकास की गति और प्रगति हुई। सीएम ने कहा कि पहले प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। ग्वालियर-चंबल में रात में घर से निकलना मुश्किल हो जाता था। पहले ग्रोथ रेट नेगेटिव हुआ करती थी। 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार ने हमें बहुत सौगातें दी। अब देश की जीएसडीपी में मध्य प्रदेश का योगदान 4.8 प्रतिशत है। महिला सशक्तिकरण का नया दौर शुरू हुआ है। अब मध्य प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाकर ही चैन की सांस लेंगे।

घर-घर पहुंचाएंगे सरकार की उपलब्धियां 

भाजपा गरीब कल्याण अभियान के तहत भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाएगी। इस रिपोर्ट कार्ड में प्रदेश में 1.36 करोड़ गरीबी रेखा से कम हुए लोगों, प्रधानमंत्री आवास से लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में गरीब कल्याण को लेकर गीत की भी प्रस्तुति दी गई। इससे पहले एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। जिसमें प्रदेश में 2003 के पहले की दिग्विजय सिंह सरकार के समय सड़कों की बदहाली, बिजली कट, सिमी का बढ़ता नेटवर्क, नक्सलवाद की समस्या को बताते हुए शिवराज सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया गया।




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें