
भोपाल में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान के तहत प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। भोपाल जिला इकाई द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
यात्रा की शुरुआत जिला कार्यालय अग्रसेन चौक से प्रारंभ होकर भवानी चौक, चारबत्ती बुधवारा चौक, काली माता मंदिर, लिलि चौराहा, रोशनपुरा चौराहा, माता मंदिर, पांच नंबर स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर से छह नंबर पहुंची। यहां से भाजपा प्रदेश वीडी शर्मा हाथों में तिरंगा थामे यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी व पार्टी कार्यकर्ता देशभक्ति के नारे लगाते चल रहे थे।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। यात्रा में शामिल प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ भारत माता की जय के उदघोष कर रहे थे। यात्रा 10 नंबर मार्केट, गुलमोहर होते हुए मनीषा मार्केट पर पहुंची, जहां समापन हुआ। यात्रा मार्ग में स्थान-स्थान पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा में मध्यप्रदेश इलेक्ट्रानिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, जिला महामंत्री एवं नगर निगम के सभापति किशन सूर्यवंशी, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हिरेन्द्र बहादुर सिंह, स्वच्छ भारत अभियान प्रकोस्ठ के प्रदेश संयोजक सुरजीत सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष राम बंसल राहुल राजपूत सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।