अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वित्तीय वर्ष 2023-24 में अप्रैल से जुलाई 2023 तक राजस्व वसूली में झांसी नगर निगम प्रदेश में अव्वल आया है। नगर निगम ने 37.35 फीसदी राजस्व वसूली की है। सहारनपुर नगर निगम दूसरे और लखनऊ तीसरे पायदान पर है।
नगर निगम द्वारा बकायेदारों को नोटिस जारी करके कुर्की की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। साथ ही कई सरकारी विभागों का भी शासन स्तर पर पैरवी करके भुगतान करवाया। विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज समेत कई सरकारी विभागों ने सालों बाद लाखों रुपये जमा किया। इसी का परिणाम रहा कि अब नगर निगम राजस्व वसूली में प्रथम पायदान पर पहुंच गया है। प्रदेश में झांसी ने इस वित्तीय वर्ष में 37.35 फीसदी राजस्व वसूली की है। 36.24 फीसदी के साथ सहारनपुर नगर निगम दूसरे, 34.57 फीसदी पर लखनऊ तीसरे पायदान पर है। महज 6.04 फीसदी राजस्व वसूली करने पर अलीगढ़ सबसे निचले यानी 17वें स्थान पर है।
10-10 लाख से बड़े बकाएदारों को चिह्नित किया गया। कई बकाएदारों ने 20-20 साल से गृहकर जमा नहीं किया था। इनसे गृहकर जमा करवाया गया। झांसी अब प्रदेश में राजस्व वसूली में टॉप पर आ गया है। – पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त।