
पूर्व सीएम ने विंध्य की बेटी: मुहावरों से झलकती ममता नामक पुस्तक का विमोचन किया
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की पत्नी सरोज कुमारी के 151 बघेली मुहावरों पर आधारित पुस्तक विंध्य की बेटी: मुहावरों से झलकती ममता नामक पुस्तक का विमोचन पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया। कार्यक्रम का आयोजन अर्जुन सिंह सद्भावना फाउंडेशन की तरफ से किया गया। कार्यक्रम में कार्यक्रम में फाउंडेशन के ट्रस्टी मप्र विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह और मप्र के ख्याति प्राप्त बैतूल के समाजसेवी सैम वर्मा उपस्थित थे।
फाउंडेशन की ट्रस्टी पुस्तक की प्रकाशन कराने वाली अर्जुन सिंह की पुत्री वीणा सिंह ने कहा कि आप सबके बीच में मैं अपने माता और पिता दोनों को याद कर दोनों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। उन्होंने बताया कि कमलनाथ जी से हमारा बहुत पुराना संबंध है और उन्होंने आज तक उस संबंध को निभाया। सैम वर्मा जी हमारे परिवार के अंग है और राजेन्द्र सिंह जी हमारे मामा जी है, जिन्होंने इतने व्यस्त होने के बाद भी हमारे ट्रस्ट का ट्रस्टी बनना स्वीकार किया और वह हमारे ट्रस्टी के रूप में हमें हर कदम पर राय मशवरा देते हैं।
वीणा सिंह ने बताया कि उनकी मां साधारण बोलचाल और बातचीत में भी मुहावरें और कहावतों का इस्तेमाल करती थी। उन्होंने उसको लिखने की सलाह दी और बाद में उनके प्रकाशन कराना तय किया था, लेकिन यह उनके रहते संभव नहीं हो सका। कार्यक्रम में अर्जुन सिंह के ऊपर एक डॉक्टयमेंट्री भी दिखाई गई। जिसमें उनको बाबरी मस्जिद गिराए जाने पर दुखी बताया गया। इस कार्यक्रम में अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह नहीं दिखाई दिए। हालांकि इससे पहले गुरुवार को हई पत्रकार वार्ता में भी वह नहीं थे।