
राष्ट्रपति मुर्मू का राष्ट्र को संबोधन
– फोटो : Social Media
विस्तार
राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में जनजातीय अभिव्यक्तियों के राष्ट्रीय उत्सव ‘उत्कर्ष’ और ‘उन्मेष’ का आयोजन तीन अगस्त से पांच अगस्त तक किया जा रहा है। गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ‘उत्कर्ष’ और ‘उन्मेष’ का भोपाल में शुभारंभ करेंगी। आयोजन में देश के 36 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 800 कलाकार शामिल होंगे। तीन दिवसीय आयोजन में सौ भाषाओं के 500 से अधिक लेखक भी शामिल होंगे। प्रतिदिन 12 राज्यों के जनजातीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रवीन्द्र भवन में राष्ट्रपति के सुरक्षा के लिए एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। वहीं एक हजार पुलिसकर्मी सड़क मार्ग पर सुरक्षा-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए तैनात किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार सुबह 11:30 बजे भोपाल विमानतल पर पहुंचेंगी, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अगुवानी करेंगे। राष्ट्रपति 11:40 बजे रवीन्द्र भवन पहुंचेंगी, जहां करीब 500 जनजातीय कलाकार भगोरिया नृत्य कर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे ‘उत्कर्ष’ और ‘उन्मेष’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति 1:30 बजे रवीन्द्र भवन से राजभवन रवाना होंगी, जहां दोपहर भोजन करेंगी। राष्ट्रपति 4:15 बजे राजभवन से रवाना होकर 4:35 बजे भोपाल विमान तल पहुंचेंगी और 4:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
मार्ग रहेंगे परिवर्तित, दो हजार जवान तैनात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भोपाल एयरपोर्ट पहुंचने से आधे घंटे पहले से भोपाल एयरपोर्ट से रवीन्द्र भवन तक जाने वाले मार्ग को सामान्य यातायात के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा। वहीं रवीन्द्र भवन से राजभवन के बीच भी राष्ट्रपति के आवागमन के दौरान यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वहीं शाम को राष्ट्रपति भवन के वापस जाते समय भी संबंधित मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को परिवर्तित मार्ग से निकाला जाएगा। सुरक्षा-व्यवस्था के लिए एक हजार जवानों को रवीन्द्र भवन और एक हजार पुलिसकर्मी अन्य मार्गों पर राष्ट्रपति के दौरे के दौरान लगाई गई है।