10:41 AM, 03-Aug-2023
भोपाल के ये मार्ग रहेंगे परिवर्तित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भोपाल एयरपोर्ट पहुंचने के आधे घंटे पहले से भोपाल एयरपोर्ट से रवीन्द्र भवन तक जाने वाले मार्ग को सामान्य यातायात के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा। वहीं रवीन्द्र भवन से राजभवन के बीच भी राष्ट्रपति के आवागमन के दौरान यातायात प्रतिबंधित रहेगा। शाम को राष्ट्रपति के वापस जाते समय भी संबंधित मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को परिवर्तित मार्ग से निकाला जाएगा। सुरक्षा-व्यवस्था के लिए एक हजार जवानों को रवीन्द्र भवन और एक हजार पुलिसकर्मी अन्य मार्गों पर राष्ट्रपति के दौरे के दौरान तैनात रहेंगे।
10:32 AM, 03-Aug-2023
भगोरिया नृत्य से होगा राष्ट्रपति का स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार सुबह 11:30 बजे भोपाल विमानतल पर पहुंचेंगी, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अगुवानी करेंगे। राष्ट्रपति 11:40 बजे रवीन्द्र भवन पहुंचेंगी, जहां करीब 500 जनजातीय कलाकार भगोरिया नृत्य कर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे ‘उत्कर्ष’ और ‘उन्मेष’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति 1:30 बजे रवीन्द्र भवन से राजभवन के लिए रवाना होंगी, जहां दोपहर का भोजन करेंगी। वे शाम को करीब 4:15 बजे राजभवन से रवाना होकर 4:35 बजे भोपाल विमान तल पहुंचेंगी और 4:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
10:30 AM, 03-Aug-2023
800 कलाकार देंगे प्रस्तुति
प्रमुख सचिव ने बताया कि उत्कर्ष उत्सव में देश के 36 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग 800 कलाकार भाग लेंगे और लोक एवं जनजातीय प्रदर्शन कलाओं की सतरंगी छटा बिखेरेंगे। उत्सव का प्रसारण संगीत नाटक अकादमी के फेसबुक और यूट्यूब चैनल सहित संस्कृति विभाग के फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
10:26 AM, 03-Aug-2023
Draupadi Murmu Bhopal Visit: राष्ट्रपति मुर्मू का भोपाल दौरा आज, उत्कर्ष-उन्मेष कार्यक्रम का करेंगी शुभारंभ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (3 अगस्त) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के दौरे पर हैं। वे सुबह 11:30 बजे रविंद्र भवन के हंसध्वनी सभागार में “उत्कर्ष” और “उन्मेष” उत्सव का शुभारंभ करेंगी। राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
संस्कृति और पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला के अनुसार संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार अंतर्गत संगीत नाटक अकादमी और साहित्य अकादमी द्वारा संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से भारत की लोक एवं जनजाति अभिव्यक्तियों का राष्ट्रीय उत्सव “उत्कर्ष” एवं अभिव्यक्ति का उत्सव “उन्मेष” का आयोजन तीन से पांच अगस्त 2023 तक भोपाल में किया जा रहा है। लोक कला, संगीत और साहित्य आधारित यह उत्सव पहली बार भोपाल में हो रहा है। यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।