अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। रविवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार के मुकाबले 0.5 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों के दरम्यान गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा लू का प्रकोप भी बढ़ने के आसार हैंं।

मौसम की तल्खी लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को झांसी का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। जबकि, रविवार को अधिकतम पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज के बाद झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। इस दौरान दिन भर तीखी धूप खिली रही और लू के थपेड़े लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का अहसास कराते रहे। इससे जनजीवन भी प्रभावित रहा। गर्मी के चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटे की स्थिति बनी रही। लोग जरूरी काम से ही अपने अपने घरों से बाहर निकले।

भरारी स्थित कृषि मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. आदित्य सिंह ने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक गर्मी में और बढ़ोतरी की संभावना है। लू का प्रकोप भी बढ़ेगा। हालांकि, इसके बाद आंधी-पानी की संभावना है। मामूली बारिश की भी संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी कमी आएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *