
उरई में जीत का जश्न मनाते समर्थक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जालौन जिले में नगर निकाय चुनाव में जिले में भाजपा ने अपना परचम लहराते हुए 11 में से सात निकायों पर कब्जा जमा लिया है। हालांकि जिला मुख्यालय पर उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है। उरई नगर पालिका की कुर्सी पर गिरिजा चौधरी ने दूसरी बार कब्जा जमाया है। इससे पहले वे 2012 में भी जीत चुकीं हैं।
इसके अलावा जालौन नगर पालिका में भाजपा की नेहा मित्तल, कोंच में भाजपा के प्रदीप गुप्ता और कालपी में निर्दलीय प्रत्याशी अरविंद यादव ने अध्यक्ष की सीट पर कब्जा जमाया है। नगर पंचायत में भाजपा का दबदबा बरकरार रहा। भाजपा ने सात में पांच सीटें अपनी झोली में डाल लीं। दो पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
निकाय चुनाव के लिए जिले में 04 मई को मतदान किया गया था। जिले में 57.98 फीसदी मतदान किया गया था। 13 मई को 1044 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा खुल गया। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना को लेकर दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा। कई जगह दोबारा गिनती को लेकर खींचतान हुई तो कई स्थानों पर दोबारा मतगणना भी कराई गई।
उरई नगर पालिका के लिए मतगणना देर रात तक चलती रही। उरई में गिरिजा चौधरी भाजपा की रेखा वर्मा को बड़े अंतर से हराया। उन्होंने 9078 वोटों से जीत हासिल की। जालौन नगर पालिका में भाजपा की नेहा मित्तल ने जीत दर्ज की। उन्होंने सपा की सलमा इकबाल मंसूरी को 2857 वोटों से हराया। कोंच में नगर पालिका अध्यक्ष के मुकाबला काफी रोचक रहा।