09:57 AM, 11-May-2023

प्रचार वाहन पर भाजपा का झंडा लगा होने की शिकायत

कानपुर के दादा नगर सेवाग्राम कॉलोनी नेहरू चिल्ड्रन स्कूल में 28 नंबर रूम की ईवीएम दो घंटे से खराब है। जानकारी देते राजू मौर्या की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। उधर, 

लोहरन भट्ठा में प्रचार वाहन पर भाजपा का झंडा लगा होने की शिकायत सेक्टर मजिस्ट्रेट से की गई है।

09:53 AM, 11-May-2023

बदायूं की सात नगर पालिका और 14 नगर पंचायतों में मतदान 

बदायूं जिले में सात नगर पालिका और 14 नगर पंचायत में बृहस्पतिवार सुबह 7:00 बजे मतदान शुरू हो गया। जिले में 603 मतदान स्थल और 210 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी जगह पुलिस व्यवस्था तैनात कर दी गई है। अभी शांतिपूर्वक मतदान चल रहा है। सभी अधिकारी जोनल मजिस्ट्रेट सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण पर निकल चुके हैं। कुछ बूथ पर मतदाता केवल पर्ची लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे सीडीओ ने सभी सेक्टर प्रभारियों को एक संदेश जारी किया है कि वह मतदान स्थलों के बाहर विकल्पों की सूची आवश्य चस्पा करा दें।

09:52 AM, 11-May-2023

यूथ वोटर में मतदान को लेकर उत्साह

हाथरस में पहली बार वोट डालने के लिए कतार में लगे यूथ वोटर का उत्साह देखते बन रहा है। पहली बार वोट करने के बाद युवा सेल्फी और फोटो लेकर खुशी का इजहार करते दिख रहे हैं। हाथरस में अनुला अग्रवाल, अनुभा अग्रवाल, रितिका सिंह, शिवानी आदि ने पहली बार वोट करते हुए एक गीत से अपनी खुशी जाहि की- वोट डालकर खुशी मिली इतनी कि मन में न समाए।

 

09:50 AM, 11-May-2023

बुजुर्ग ने पोती के साथ किया मतदान

कानपुर के वार्ड 65 कृष्णा देवी पब्लिक स्कूल दामोदर नगर में ईवीएम खराब होने के कारण डेढ़ घंटे इंतजार के बाद 93 साल के रामकृष्ण त्रिपाठी ने पहला वोट डाला। वहीं, उनकी पोती श्रेया त्रिपाठी ने भी पहली बार मतदान किया।

09:47 AM, 11-May-2023

जेपीएस राठौर ने पत्नी के साथ डाला वोट

सहकारिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर पत्नी और भाई के साथ शाहजहांपुर में एम लाल स्कूल में वोट डालने पहुंचे। मेरठ में सपा से महापौर पद की प्रत्याशी भी मतदान करने पहुंची। उनके साथ सपा विधायक अतुल प्रधान भी थे। उन्होंने भी अपने मत का प्रयोग किया। वहीं कंकरखेड़ा के जिटोली में ईवीएम मशीन खराब होने के बाद मौके पर दौड़े जिलाधिकारी दीपक मीणा व रोहित सिंह सजवाण। कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ।

09:45 AM, 11-May-2023

फर्जी मतदान करते पांच लोग पकड़े

आजमगढ़ के मुबारकपुर में फर्जी मतदान करते पांच लोग पकड़े गए। एफआईआर दर्ज की गई है। अलीगढ़-हाथरस में बनाए गए पिंक बूथ में लगे सेल्फी पोइंट पर वोट करने के बाद फोटो खिंचवाने का क्रेज नए मतदाताओं में नजर आ रहा है। पीलीभीत के बरखेड़ा में मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लाइन लगी है।

09:44 AM, 11-May-2023

तीन नगर पालिका व चार नगर पंचायतों में हो रहा मतदान

हमीरपुर जिले की तीन नगर पालिका और चार नगर पंचायतों में अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए मतदान जारी है। सभी निकायों के कुल दो लाख 311 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम छह बजे तक होगा। अध्यक्ष पद के 100 व सदस्य पद के 830 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज मतपेटियों में कैद हो जाएगा।

09:43 AM, 11-May-2023

बलिया से शानदार तस्वीरें सामने आई

यूपी निकाय चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान जारी है। इसी बीच बलिया से शानदार तस्वीरें सामने आ रही हैं। बलिया के रेवती जूनियर हाई स्कूल में साइकिल और गोद में बुजुर्ग परिजनों को वोटिंग के लिए लेकर परिजन पहुंच रहे हैं।

09:42 AM, 11-May-2023

बदायूं के दहगवां के पोलिंग बूथ पर लाइन लगी

बदायूं के दहगवां के पोलिंग बूथ पर लाइन लगी है। यहां पहली बार मतदान हो रहा है। दहगवां को हाल ही में जिले की14 वीं नगर पंचायत का दर्जा मिला है।

09:41 AM, 11-May-2023

मतदान करने के लिए उमड़ी भीड़, कई जगह नोकझोंक

बागपत में तीन नगर पालिका व छह नगर पंचायतों के 780 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए बृहस्पतिवार सुबह ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। सुबह सात बजे से पहले ही बूथों पर लाइन लग गई तो उनको पुलिस कर्मियों ने रोक दिया। सात बजने के बाद ही मतदान शुरू कराया गया। उसके बाद कई जगह वोट डालने को लेकर एजेंटों पर नोकझोंक भी हुई। बड़ौत में फर्जी वोट डालने की शिकायत भी एसपी के पास आई तो वहां पुलिस भेजी गई।

 

09:38 AM, 11-May-2023

हापुड़ में 9:00 बजे का 10.33 प्रतिशत मतदान

गाजियाबाद में मतदाताओं का आरोप है कि ईवीएम में जानबूझकर खराबी की जा रही है। हापुड़ में 9:00 बजे का 10.33 प्रतिशत मतदान हुआ है। बुलंदशहर के मुकर्रम इन्टर कालेज में मतदान के लिए मतदाताओं की लाइन लगी है।

09:37 AM, 11-May-2023

मतदाताओं की लंबी कतार लगी

गाजियाबाद के कंपोजिट विद्यालय चरण सिंह कालोनी में वोट देने के लिए मतदाता कतार में खड़े दिखे। दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर बढ़ी मतदाताओं की संख्या बढ़ रही है। राजनगर सेक्टर नौ स्थित संतोष  सरस्वती विद्या मंदिर मतदान केंद्र में ईवीएम मशीन को पीठासीन अधिकारी ने ठीक किया। कैला भट्ठा के बूथ नंबर 1213 पर एक घंटे से ईवीएम खराब है। मतदाताओं की लंबी कतार लगी है।

09:34 AM, 11-May-2023

भाजपा महापौर प्रत्याशी ने किया मतदान

मतदाता शमशाद अली सैफी 90 वर्षीय पिता नूर मोहम्मद को वोट दिलाने मतदान केंद्र पर पहुंचे। मिर्जापुर निवासी शमशाद का का कहना है कि शहर के विकास के लिए वोट करने आया हूं। पॉश इलाकों में काफी धीमा मतदान चल रहा है। गाजियाबाद के सरस्वती विद्या मंदिर नेहरू नगर में नगर निगम चुनाव में भाजपा महापौर प्रत्याशी द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोनी के वार्ड नंबर 1 में नगर  विकास नगर प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर चार की ईवीएम मशीन सुबह से खराब थी। डेढ़ घंटे बाद मतदान शुरू हुआ।

09:29 AM, 11-May-2023

विधायक नंदकिशोर गुर्जर और बसपा प्रत्याशी मेहरीन अली के पति असद अली की नोकझोंक

लोनी इंटर कॉलेज बूथ में भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर और बसपा प्रत्याशी मेहरीन अली के पति असद अली मुखिया के साथ नोकझोंक हुई। बसपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक वोट डालने नहीं दे रहे हैं। वहीं लोनी विधायक ने कहा प्रत्याशी पति जबरन बूथ के अंदर घुस रहा है।

 

09:28 AM, 11-May-2023

मोदीनगर में डॉ केएन मोदी साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज में मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की कतार लगी है। दिल्ली गेट निवासी 74 वर्षीय विजय कुमार शंभू दयाल इंटर कॉलेज में वोट डालने पहुंचे। वो बीमारी से ग्रसित हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *