
एयरपोर्ट पर हंगामा करते यात्री।
– फोटो : amar ujala digital
विस्तार
इंदौर के देवी अहिल्या विमानतल पर एयर इंडिया की मुंबई उड़ान सोमवार को साढ़े तीन घंटे से ज्यादा लेट हो गई। इससे परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा कर दिया। यात्रियों का कहना था कि यदि दिल्ली से विमान तय समय पर नहीं आया तो कंपनी दूसरे विमान की व्यवस्था कर यात्रियों को पहुंचाए। इस पर एयर इंडिया के अफसर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस दौरान एयरपोर्ट में सुरक्षा के लिए तैनात जवान भी यात्रियों को समझाते नजर आए। साढ़े तीन घंटे बाद दिल्ली से विमान आया, तब कहीं इंदौर से यात्री विमान में सवार हुए और मुंबई पहुंचे।
दिल्ली से ही नहीं आया विमान
दोपहर ढाई से तीन बजे के करीब एयर इंडिया का विमान दिल्ली से इंदौर आता है और यहां से यात्रियों को मुंबई ले जाता है, लेकिन सोमवार को यह विमान दिल्ली से तय समय पर आया ही नहीं। पहले तो अफसर विमान के आने का आश्वासन देते रहे, लेकिन जब तीन घंटे की देरी हो गई तो यात्रियों का सब्र भी जवाब दे गया। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
दूसरे देश की उड़ान पकड़ना थी
एक महिला यात्री कहती नजर आई कि उसे रात में मुंबई से दूसरे देश की उड़ान पकड़ना है। यदि समय पर मुंबई नहीं पहुंची तो परेशानी हो जाएगी। अन्य यात्री भी उड़ान लेट होने से नुकसान होने की बात करते नजर आए। इस बीच एयर लाइंस के अफसर बोलते नजर आए कि चाहें तो यात्री टिकट का पैसा वापस ले सकते हैं। कुछ यात्रियों ने तो पैसा लेकर मुंबई जाने के दूसरे विकल्प तलाशना शुरू कर दिए थे, लेकिन अफसरों ने विमान के आने का भरोसा दिलाया। ज्यादातर यात्री दूसरे विमान से मुंबई भेजने के लिए दबाव बनाते रहे।
शाम 6 बजे आया विमान
हंगामे के बीच शाम छह बजे विमान दिल्ली से इंदौर पहुंचा और यात्रियों को मुंबई लेकर पहुंचा। एयर इंडिया के अफसरों को कहना है कि तकनीकी कारणों से दिल्ली से इंदौर आने वाली उड़ान में देरी हुई थी। बाद में यात्रियों को मुंबई भेज दिया गया। बता दें, इंदौर से मुंबई का हवाई सफर करीब एक घंटे का है। इस तरह विमान सात बजे बाद मुंबई पहुंच गया था।