
मतदान प्रतीकात्मक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
किसी भी चुनाव में मतदान का प्रतिशत किसी भी प्रत्याशी और दल की धड़कनें बढ़ा देता है। निकाय चुनाव में पहले चरण के मतदान का प्रतिशत देख अब यहां भी सभी परेशान हैं और धड़कनें बढ़ी हुई हैं। सबने अंदरखाने अपने अपने खेमे में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर लगाना शुरू कर दिया है। वहीं विपक्षी इसे एक साजिश का हिस्सा भी मान रहे हैं। साथ में यह भी कह रहे हैं कि जो लोग भाजपा से निराश हैं, वहां मतदान प्रतिशत कम हुआ है।
वहीं भाजपा सर्वाधिक इसलिए डरी हुई है कि पिछला चुनाव भी कम मतदान प्रतिशत के चलते हारे थे। अगर इस बार कुछ ऐसा हुआ तो क्या होगा। बता दें कि पिछले चुनाव में अपने जिले में मतदान प्रतिशत बहुत कम हुआ था। कम मतदान प्रतिशत का ही परिणाम था कि हमेशा भाजपा के कब्जे में रहने वाली नगर निगम अलीगढ़ व खैर आदि की सीटें हार गई थी। अब पहले चरण के मतदान ने भी कुछ ऐसी ही तस्वीर पेश कर दी है। इसके बाद से कवायद तेज हो गई है।
ये था जिले में मतदान प्रतिशत
निकाय कुल मत पड़े मत प्रतिशत
नगर निगम 612237 302946 49.5
अतरौली 44672 26581 59.5
खैर 28571 19138 66.98
इगलास 11595 8067 69.57
कौडिय़ागंज 9879 6835 69.19
छर्रा 18323 12428 67.83
जट्टारी 13201 9412 71.3
जलाली 15421 10309 66.85
पिलखना 8578 6509 75.88
बेसवां 4636 3658 78.9
विजयगढ़ 5703 4606 80.8
हरदुआगंज 11421 7995 70.0
कुल 784237 418486 53.36
हमने बूथ व पन्ना स्तर तक अपने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है। हर वोटर तक हमारा संपर्क है। चूंकि हमारा पिछला अनुभव भी इसी वजह से कड़ुवा रहा था। इसलिए इस बार ऐसा न हो, इस बात का पूरा प्रयास किया जा रहा है और हमें उम्मीद है कि अलीगढ़ का मतदान प्रतिशत बहुत मजबूत होगा।-विवेक सारस्वत, भाजपा महानगर अध्यक्ष
मतदान प्रतिशत कम होना साफ दर्शाता है कि भाजपा के प्रति लोग निराश हैं। मगर हमारी टीमें लगातार अपने काम में सक्रिय हैं। किसी भी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी। अपने जिले में मतदान प्रतिशत बहुत मजबूत होगा।-संतोष सिंह, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
जो वोट गिर रहा है, यह प्रथम चरण में लगी लाइनों ने साफ कर दिया है कि वह किस दल का वोट है। इस बात की चिंता भाजपा को करनी होगी। हम पहले से चिंतित हैं और हमारी पूरी तैयारी है। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता की आज शुक्रवार को ही मीटिंग कर इस बात की हिदायत दी गई है।-अब्दुल हमीद घोषी, सपा महानगर अध्यक्ष
यह बात सही है कि मतदान का कम प्रतिशत चिंताजनक है। मगर सबसे ज्यादा असर वाराणसी व प्रयागराज में दिखा है। जहां भाजपा का कब्जा है। हमारी टीमें हर बूथ पर अपना काम कर रही हैं। हर सभा में हम मतदान प्रतिशत को लेकर जोर दे रहे हैं। हम पिछली बार की तरह अपने मतदान प्रतिशत के दम पर जीतेंगे।-मुकेश चंद्रा, जिलाध्यक्ष बसपा