
इंदौर
– फोटो : अमर उजाला, इंदौर
विस्तार
सफेद हाथी बन चुके हैं कौशल विकास केंद्र, अध्यक्ष बनने के बाद निशांत खरे ने कही खरी बातें
कौशल विकास केंद्र सफेद हाथी बन चुके हैं जो दिखने में तो अच्छे हैं लेकिन उनके रिजल्ट उतने बेहतर नहीं हैं। अब हमारा काम युवाओं को मुख्य रूप से कौशल से जोड़ना और उन्हें रोजगार के लायक बनाना ही होगा। सबसे पहले हम कौशल विकास केंद्रों की तीन बिगड़ी हुई व्यवस्थाओं को ही सुधारेंगे। यह बातें डॉ निशांत खरे ने कही जो युवा आयोग के चेयरमैन बनने के बाद पहली बार इंदौर में एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन करोड़ युवा हैं जो रोजगार शिक्षा व्यापार जैसी कई चीजों में संभावनाओं को तलाश रहे हैं। मध्यप्रदेश में युवा आयोग इन्हीं सब चीजों पर काम करेगा।
हमें क्यों पढ़ाया गया कि अकबर महान था
युवाओं के सवालों के जवाब देते हुए निशांत खरे ने कई विषयों पर खरी खरी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में शिक्षा पद्धति में आज भी बड़े बदलावों की जरूरत है। क्यों हमने इतने सालों तक अकबर और औरंगजेब को पढ़ा, क्यों हमें शिवाजी और रानी दुर्गावती को नहीं पढ़ाया गया। क्यों यह पढ़ाया गया कि अकबर महान था जबकि हकीकत कुछ और है। उन्होंने कहा कि यह गलत बताया गया कि मुसलमानों ने भारत पर राज किया जबकि मुसलमानों ने भारत के 43% हिस्सों पर ही राज किया। वह कभी दक्षिण भारत में नहीं जा सके पूर्वोत्तर में उनका कभी राज नहीं रहा। नेपाल जैसी जगह पर वह कभी नहीं गए। खरे ने कहा कि युवा आयोग शिक्षा से लेकर संपूर्ण विकास पर काम करेगा। इन सभी बुनियादी चीजों में सुधार करेगा।
कार वालों की समस्या है ट्रैफिक और गरीबों की समस्या है पीने का पानी
शहर में समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि आप कितने भी फ्लाय ओवर बना लें लेकिन ट्रैफिक कभी नहीं सुधरेगा। उन्होंने कहा सभी की समस्याएं अलग-अलग हैं। अगर आप बस्ती में जाएंगे तो उन लोगों की समस्याएं स्वच्छ पानी की है और यदि आप अमीरों के बीच बैठेंगे तो उन लोगों की समस्याएं ट्रैफिक है। उन्होंने कहा युवा आयोग का अध्यक्ष बनने के बाद वे स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर काम करेंगे और युवाओं को स्किल्ड बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ने पर काम किया जाएगा।